कन्नौज। आयुष्मान भारत योजना में 1,18,680 के सापेक्ष सिर्फ 68,199 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। यह लक्ष्य के सापेक्ष 50,481 कम हैं। सचिव, एएनएम, आशा व खंड विकास अधिकारी से सामंजस्य स्थापित कर अधिक से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक दिन में 100-100 गोल्डन कार्ड बनाए जाते हैं तो प्रतिदिन 1100 गोल्डन कार्ड बन सकते हैं। फर्जी गोल्डन कार्ड न बनाए जाएं। यह निर्देश जिले के नोडल अफसर व मुख्य कार्यपालक अधिकारी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण कानपुर अनिल गर्ग ने दिए। वह कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अस्थायी गोवंश आश्रयों में पल रहे पशुओं को सर्दी से बचाने के साथ ही भूसे व चारे की व्यवस्था कर ली जाए। जिला पूर्ति अधिकारी से आधार सीडिंग तथा ई-पॉस के माध्यम से राशन वितरण की जानकारी की। उन्होंने कहा कि फीडिंग की कार्रवाई में तेजी लाएं। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे व पानी के निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त कर लें। गंगा के तटीय क्षेत्र की सभी 20 ग्राम पंचायतों में निर्मित चबूतरों पर चौपाल एवं गंगा आरती की भी व्यवस्था कर ली जाए। उन्होंने ग्रामीण पेयजल योजना के तहत सभी परियोजनाओं को चालू रखने के निर्देश दिए। गड्ढा मुक्त सड़कों में 33 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को काम शत-प्रतिशत पूरा करने के आदेश दिए।
आईजीआरएस में जिले को प्रथम स्थान मिलने व स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति ठीक पाए जाने पर सराहना की। इस दौरान जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह, अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप समेत कई अफसर मौजूद रहे।
उद्योग केंद्र में गंदगी मिली,सफाई कर गार्डन बनाने के निर्देश
कन्नौज। जिले के नोडल अफसर अनिल गर्ग ने जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र मकरंदनगर का औचक निरीक्षण किया। मैदान में जगह-जगह गंदगी मिलने पर अफसरों से नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कराने के आदेश दिए। मैदान में झाड़ियों को व्यवस्थित कर गार्डन बनाने के लिए कहा। बुधवार को जिले के नोडल अफसर अनिल गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। जसोदा में निर्माणाधीन राजकीय महिला पॉलिटेक्निक का काम देखा। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों ने बताया कि परियोजना 2016 में शुरू हुई थी। इसका कार्य दिसंबर 2019 में पूर्ण किया जाना था। कार्य अंतिम चरण में है। इस पर नोडल अधिकारी ने बाउंड्री निर्माण, लिंक रोड व हॉस्टल आदि के निर्माण को गुणवत्तापूर्ण करने के आदेश दिए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को गुणवत्ता की जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने गंगा यात्रा के स्वागत कार्यक्रम के लिए जनपद सीमा पर स्वागत स्थान लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मित्रसेनपुर में भोजन, शिक्षा आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए छात्रावास के बाहर जाली लगाने के आदेश दिए। गंगा ग्राम मित्रसेनपुर के तट पर बन रहे गंगा चबूतरे का भी निरीक्षण किया।
चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं
नोडल अफसर अनिल गर्ग ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय मित्रसेनपुर में चौपाल लगाई। उन्होंने गांव के लोगों से पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, तहसील व थानों में लंबित प्रकरणों की सुनवाई की। उन्होंने 30 जनवरी को होने वाली गंगा यात्रा को सफल बनाने के संबंधित विभागों को आदेश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा के दौरान सभी गंगा तटीय व आसपास के गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम संचालित करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। चौपाल भी लगाएं। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने ग्रामीणों को विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण आदि योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, सदर उपजिलाधिकारी शैलेष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर श्रीकांत प्रजापति, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी केके ओझा आदि अफसर मौजूद रहे।