तिर्वा। मजदूरी करके घर जा रहा मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर जख्मी हो गया। उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से गुस्साए परिजन समेत ग्रामीणों ने तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। तीन घंटे के बाद आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने जाम को हटाया।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के भुगैता पुर गांव निवासी राजू (35) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार देर शाम को वह मजदूरी कर तिर्वा से एक ट्रैक्टर पर सवार होकर घर जा रहा था। इसी दौरान तहसील के सामने वह ट्रॉली से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ के लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। इसी दौरान युवक की मौत हो गईं। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के सामने शव रखकर तिर्वा-कन्नौज पर जाम लगा दिया। भाई संजू ने पुलिस को गांव के ही निवासी ट्रैक्टर मालिक सर्वेश मिश्रा व पुत्र अंकुर पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष कुशवाहा ने बताया कि शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।