कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को पुरानी कचहरी परिसर में रही परिवार न्यायालय के एक पेशकार समेत 31 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 1578 हो गई है। कोविड अस्पताल में 250 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। इलाज के बाद अब तक 1318 लोग ठीक हो चुके हैं। 10 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले के 85 इलाकों को हॉटस्पॉट बनाकर निगरानी की जा रही है। 30 संक्रमितों की बुधवार को कोविड अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
बुधवार को कन्नौज में पांच, तालग्राम में छह, सौरिख में तीन, जलालाबाद ब्लाक क्षेत्र में दो, उमर्दा में चार, पुलिस लाइन में दो सिपाही पॉजिटिव मिले। छिबरामऊ में सबसे अधिक नौ लोग पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि सभी संक्रमितों का कोविड अस्पताल में उपचार शुरू किया गया है। कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. केसी राय ने बताया कि लोग बगैर मास्क के घूम रहे हैं। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। कोरोना को हराने के लिए सभी लोगों को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन चाहिए।