कन्नौज। जिले में कोरोना का कहर बढ़ रहा है। संक्रमण से मेडिकल स्टोर संचालक, व्यापारी की पत्नी समेत सात लोगों की मौत हो गई। यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा है। वहीं बुधवार को जिले में 262 नए संक्रमित मिले हैं। दूसरी ओर हिम्मत के बल पर 279 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। इनके घर लौटने पर परिजनों में खुशी का माहौल है। वहीं अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले लोगों ने इलाज में अव्यवस्था का आरोप लगाया है।
जिले में बुधवार को आए मौत के आंकड़े ने सभी को दहला दिया। जलालाबाद में मेडिकल स्टोर संचालक पांडेयपुरवा निवासी 32 वर्षीय मनोज पांडेय की मेडिकल कालेज तिर्वा में मौत हो गई। बड़े भाई नीरज पांडेय ने बताया कि मतदान से पहले भाई को बुखार आया था। जांच में टाइफाइड निकला। दवा चलने पर ठीक हो गए। मतदान के एक दिन पहले और मतदान के दिन बूथ पर सक्रिय रहे। घर लौटे तो दोबारा बुखार आ गया। इस बार जांच में कोरोना संक्रमण निकला। मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया। नीरज ने आरोप लगाया कि सरकार रेमडेसिविर इंजेक्शन देने का दावा कर रही है लेकिन मेडिकल कालेज में कई बार कहने के बाद भी भाई को यह इंजेक्शन नहीं दिया गया। कहा जाता रहा कि दे देंगे। नीरज ने बताया कि खुद खरीदकर लाने के लिए कहा तो लिखकर भी नहीं दिया गया। अव्यवस्था ने भाई को छीन लिया।
इसी तरह देवी शरन(67) पलिया बूंचपुर के रहने वाले थे। मेडिकल कालेज में इन्हें मधुमेह के साथ संक्रमण के चलते भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मौत हो गई। सौरिख के अलीपुर रोड मोहल्ले में रहने वाली दीप्ति सिंह(64) को कोरोना की एक डोज लेने के बाद बुखार हुआ। इसके बाद संक्रमित हो गईं। मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरसहायगंज के रामगंज निवासी विमल दुबे(58) कोरोना संक्रमण के चलते कानपुर( मंधना ) के रामा मेडिकल कालेज में भर्ती थे। यहां इनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। छिबरामऊ में नगर के प्रमुख व्यवसायी अस्पताल रोड निवासी अशोक चतुर्वेदी की पत्नी किरन(58) की लखनऊ में उपचार के दौरान कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। ग्राम किशई जगदीशपुर निवासी संजीव दीक्षित (40) कोरोना संक्रमित थे। किडनी में भी संक्रमण हो गया था। उपचार के लिए परिजन कानपुर ले गए। हैलट अस्पताल में संजीव ने दम तोड़ दिया। वहीं नगर के मोहल्ला बिरतिया निवासी सेवानिवृत्त पालिका कर्मी मुजीब खां(74) कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। आगरा के अस्पताल में उपचार हो रहा था। मौत हो गई।
अब तक मिल चुके 6706 संक्रमित
बुधवार को आई रिपोर्ट में 262 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे एक्टिव केस की संख्या 1964 हो गई। अब तक जिले में 6706 संक्रमित मिल चुके हैं। बुधवार को 279 लोगों ने कोरोना से जंग जीत कर सामान्य जीवन शुरू किया। वहीं पिछले साल से अब तक 79 की मौत हो चुकी है। नए संक्रमित अलीपुर सौरिख, बुधवारी कन्नौज, रानी अवंतीबाई नगर तिर्वा, जगतपुर छिबरामऊ, सराय प्रयाग दौलतपुर में एक ही परिवार के पांच लोग, रामपुर कन्नौज, अलाउद्दीन खुर्द कन्नौज, मेडिकल कालेज तिर्वा, खुर्रमपुर, आंबेडकर नगर कन्नौज, जगतपुर कन्नौज, बलाइपुर, फरिकापुर, सरायमीरा में सात, नवोदय स्कूल, अजयपाल रोड कन्नौज, यूसुफपुर भगवान, सारिकखुर्द, मुसारी में पांच, मल्लापुरवा गुगरापुर, जसोदा, जिलाधिकारी परिसर के दो कर्मी, तिर्वा रोड, जवाहरनगर में पांच, मतौली में पांच, जज कालोनी में दो, आशा होटल में तीन, पटखाना, शिवाजी नगर, मेडिकल कालेज हॉस्टल, सौरिख, हसेरन में पांच, इंदरगढ़, डाक बंगला कन्नौज में चार, पट्टी, सीएचसी जलालाबाद समेत जिले के कई शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क और दो गज दूरी का पालन जरूर करें।