संक्रमण के चलते प्रधान के फेफड़े में आ गई थी दिक्कत
ठठिया। थाना क्षेत्र के गांव फकरपुर बारेवा के प्रधान रामआसरे (65) वर्ष की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई। प्रधान पुत्र संजीव ने बताया कि उनके पिता को जुकाम था, कोविड टेस्ट कराने पर 23 नवंबर को पॉजिटिव निकले थे। इलाज के बाद पांच दिसंबर को निगेटिव रिपोर्ट आई। पर, कोरोना की वजह से फेफड़ों में समस्या आ गई थी। मंगलवार रात कानपुर में मौत हो गई। शव गांव आते ही परिवार में कोहराम मच गया। रामआसरे अपने गांव से दो बार प्रधान रहे हैं। वहीं कस्बा निवासी संजू सविता (40) पुत्र नौरंगी लाल की बुखार से मौत हो गई। संजू एक जूनियर हाईस्कूल विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। करीब पांच दिन से बुखार आ रहा था। सदर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
कन्नौज। जिले में बुधवार को छह कोरोना संक्रमित मिले हैं। दूसरी ओर इलाज करा रहे नौ संक्रमित ठीक भी हो गए। इस समय अस्पताल में 68 लोगों का इलाज हो रहा है। वहीं ठठिया क्षेत्र में कोरोना से प्रधान और एक स्कूल कर्मी की मंगलवार रात मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि बुधवार को छह लोगों में कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई है। इनमें हसेरन की 50 वर्षीय महिला, तालग्राम का 19 वर्षीय युवक, उमर्दा का 24 वर्षीय युवक, रामपुर नेरा गांव का 66 वर्षीय वृद्ध, गुगरापुर का 31 वर्षीय युवक व छिबरामऊ की 55 वर्षीय महिला शामिल है। सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 3372 पहुंच गई है। बुधवार को नौ लोग ठीक होकर घर चले गए हैं।