ठठिया। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में परिवार के साथ शामिल होने जा रही महिला प्रधान को पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान महिला के पति से पुलिस की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने प्रधान और परिवार को कुछ देर हिरासत में रखने के बाद घर भेज दिया।
सोमवार रात करीब नौ बजे ठठिया थाने के खामा गांव की प्रधान पिंकी सिंह अपने पति प्रदीप कुमार उर्फ बंगाली और बेटी दिव्या के साथ दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने कार से जा रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के कट के पास उन्हें रोक लिया। इस दौरान प्रदीप उर्फ बंगाली की पुलिस कर्मियों के साथ नोकझोंक भी हुई।
कार की तलाशी लेने पर उसमें गैस सिलिंडर-चूल्हा, रजाई और गर्म कपड़े मिले। पुलिस ने महिला प्रधान पिंकी देवी और बेटी दिव्या को रात में ही घर भेज दिया, जबकि प्रदीप को सुबह छोड़ा गया।
राजभवन के सामने आलू फेंकने में शामिल थे प्रदीप कुमार
कन्नौज। वर्ष 2018 में पांच जनवरी की रात लखनऊ में राजभवन के सामने बड़ी संख्या में आलू फेंकने के कांड में प्रदीप कुमार उर्फ बंगाली शामिल थे। बता दें, वर्ष 2018 में आलू के दामों में भारी गिरावट के बाद जिले के सपा नेताओं ने लखनऊ में राजभवन के सामने आलू फेंक कर विरोध जताया था।