फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपहृत छात्र चार दिन बाद मिला

Sun, 01 Nov 2015 11:57 PM IST
ब्यूूराे/अमर उजाला, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
चार दिन पहले स्कूल पढ़ने गए छात्र का ब्राहिमपुर पुलिया से अपहरण कर बदमाशों ने चार लाख की फिरौती मांगी थी। रविवार सुबह जंगल में पुलिस और बदमाशों ने मुठभेड़ के दौरान छात्र को बरामद कर दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त की गई कार, दो तमंचा, आठ कारतूस और दो मोबाइल बरामद हुए हैं।
विज्ञापन


इस दौरान मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया। हरदोई के मानीमऊ गांव निवासी समरबहादुर सिंह चौहान का सात वर्षीय पुत्र सचिन सिंह चौहान ग्राम ब्राहिमपुर में रह रही अपनी बुआ किरन देवी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह सिटी चिल्ड्रेंस एकेडमी में जेकेजी का छात्र है।

27 अक्टूबर की दोपहर छुट्टी के बाद स्कूल वाहन उसे ब्राहिमपुर पुलिया के पास उतार कर चला गया था। उसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने छात्र का अपहरण कर लिया। मामले में छात्र की बुआ किरन ने कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने पहले तो मामले की गुमशुदगी दर्ज की।
विज्ञापन


इसके बाद जब फिरौती के लिए मोबाइल पर फोन आने लगे तब मामले को अपहरण की धाराओं में तरमीम कर दिया गया। इसके बाद एसपी के निर्देश पर जिले की सर्विलांस टीम के साथ पुलिस की तीन टीमों को खुलासे में लगाया गया। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के नाम पर पांच लाख की मांग की। बाद में चार लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

पुलिस ने सर्विलांस से अपहरणकर्ताओं की घेराबंदी की। रविवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच ग्राम बीलमपुर के जंगलों में मुठभेड़ हो गई, जिससे पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए दो अपहरणकर्ताओं गौरव सिंह पुत्र सत्यपाल सिंह और कौशलेंद्र सिंह पुत्र मोहर सिंह निवासी मुखड़ा को दबोच लिया।

पुलिस ने दोनों के पास से दो तमंचे, आठ कारतूस, दो मोबाइल के अलावा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की। मुठभेड़ के दौरान कोतवाली का सिपाही रामलाल घायल हो गया। रविवार की दोपहर एसपी कलानिधि नैथानी ने सौरिख थाने में घटना का खुलासा कर पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने का एलान किया और पूरे मामले के सूत्रधार सिपाही ओमवीर सिंह को सम्मानित करने को शासन को संस्तुति भेजने की बात कही।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें