फोटो 09- बोर्डिंग मैदान में शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। शहर के बोर्डिंग मैदान में चल रहे राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में केसीए कानपुर ने खांडेकर क्रिकेट एकेडमी कानपुर को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
बोर्डिंग मैदान में स्व. ओमप्रकाश पाठक की स्मृति में राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में खांडेकर एकेडमी कानपुर और केसीए कानपुर के बीच तिर्वा एसडीएम उमाशंकर तिवारी ने टॉस कराया। खांडेकर एकेडमी कानपुर के कप्तान सुनील त्रिपाठी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 23.3 ओवरों में 83 रन बनाए। इसमें शुभम चौधरी 17 रन बना पाए। इसके अलावा विवेक सिंह ने 15 , राहुल सिंह ने 13 रन बनाए। केसीए कानपुर के गेंदबाजों में सागर शर्मा तीन विकेट, सतनाम सिंह तीन विकेट, शशांक अवस्थी, अनुज पाल और मोहम्मद शारिम एक-एक विकेट लेने में सफल हुए।
जवाब में खेलने उतरी केसीए कानपुर की टीम ने आवश्यक रन 16.1 ओवरों में पांच विकेट खोकर बना लिए। इसमें बल्लेबाजों में आदर्श सिंह ने 19, अमन यादव ने 16 और समन्वय दीक्षित ने 16 रन बनाए। खांडेकर एकेडमी कानपुर के गेंदबाज भवानी सिंह ने दो विकेट, शिवम दीक्षित, तेजस्व राज और शाहुल वर्मा ने भी एक-एक विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच रहे सागर शर्मा को विनोद गुप्ता ने सम्मानित किया। इस मौके पर रितेश शर्मा, रोहित सिंह, आकाश मिश्रा, संजय सामवेदी, पवन त्रिवेदी, आनंद मिश्रा, सजल सिंह, पारस दुबे, अब्दुल मालिक और जुबेर हाशमी मौजूद रहे।