कन्नौज। जिले में मक्का की उन्नत प्रजातियों की खेती से किसानों की दोगुनी आय करने का प्रयास चल रहा है। इसके चलते किसान बाजार में मक्का मिलेट्स सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश के कई विख्यत कृषि वैज्ञानिक किसानों को पॉपकार्न और स्वीटकॉर्न मक्का फसल की खेती करने के सरल तरीके बताएंगे। इसमें कई कंपनी के कारोबारी भी भाग लेंगे।
जिले में बड़े पैमाने पर मक्का की खेती की जाती है। यहां के किसान पोल्ट्री सीड्स मक्का की खेती करते है। प्रशासन ने मक्का की पॉपकॉर्न और स्वीटकॉर्न खेती कराने के लिए किसान बाजार में मक्का मिलेट्स का तीन दिवसीय 15, 16 व 17 फरवरी को सम्मेलन आयोजित किया। मंगलवार को डीएम शुभ्रान्त शुक्ल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इसे सफल बनाने पर जोर दिया।
डीएम ने बताया कि सम्मेलन में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट्स रिसर्च हैदराबाद, इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट नई दिल्ली, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर, कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के कृषि वैज्ञानिक प्रतिभाग करेंगे।
यह लोग किसानों को कृषि के क्षेत्र में कम लागत से अधिक उत्पादन होने के विषय में जानकारी देंगे। इसके अलावा मक्का से इथेनॉल बनाने वाली करसन अंटाला, इथेनॉल निर्माता कंपनी, गुजरात सहित राष्ट्रीय बीज निगम की लगभग कुल 24 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।