सिकंदरपुर (कन्नौज)। खाकी एक बार फिर दागदार हुई। खेत में जबरन चारा काटने की शिकायत लेकर सिकंदरपुर पुलिस चौकी पहुंची महिला से सिपाही ने पहले तो एक हजार रुपये ऐंठ लिए। फिर शाम होते ही चार बीयर के लिए 640 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इतना सबकुछ लेने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। थकहार कर महिला शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची। यहां उसने एसपी से सिपाही की शिकायत की। महिला ने ऑनलाइन लेनदेन का ब्योरा भी सबूत के तौर पर सामने रखा।
आजाद नगर मोहल्ले की संगीता ने बताया कि उसने ग्राम करमुल्लापुर में जमीन का बैनामा कराया था। आरोप है कि 14 सितंबर को गांव का ही एक युवक जबरन उसके खेत में घुस आया। आरोपी ने खेत में खड़ी चारे की फसल काट ली और बाउंड्री के खंभे भी उखाड़ फेंके। संगीता ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। संगीता जब पुलिस चौकी पहुंची तो वहां तैनात सिपाही नरेंद्र सिंह ने मामले को सुलझाने और कार्रवाई करने के नाम पर पहले एक हजार रुपये ले लिए। इसके बाद शाम ढलते ही चार बीयर के लिए 640 रुपये ऑनलाइन ले लिए। महिला ने न्याय की उम्मीद में यूपीआई से पैसे भेज दिए। पैसे जेब में जाने के बाद पुलिस ने मौके पर जाना भी मुनासिब नहीं समझा।
-
मामले जांच सीओ छिबरामऊ मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। आरोप सही पाए जाने पर दोषी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- नरेंद्र सिंह, एसपी