नगर के जीटी रोड हाईवे पर बसी कांशीराम कालोनी की
बिजली विभाग ने बत्ती काट दी। जिससे अब कालोनी के बाशिंदों को अंधेरे में
रात काटनी पड़ेगी। इसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
जीटी रोड हाईवे
पर बसपा शासन काल में कांशीराम कालोनी का निर्माण कराया गया था। यहां 1100
आवास बने हुए हैं। जो नगर क्षेत्र के गरीबों को आवंटित किए गए हैं। पहले
तो यहां के बाशिंदे बिना कनेक्शन और मीटर के बिजली का उपभोग करते रहे। बाद
में विभाग के अफसरों ने सख्ती बरतते हुए लोगों को कनेक्शन कराने के लिए
आगाह किया।
विभाग की कड़ाई को देखते हुए ज्यादातर लोगों ने कनेक्शन के लिए
प्रयास शुरू कर दिए। विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद कालोनी में 932
कनेक्शन कराए गए, पर कनेक्शन होने के बाद आज तक किसी ने भी बिल का भुगतान
नहीं किया है। लाखों का बिजली बिल बकाया होने और जमा न करने से
अफसरों ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरी कालोनी की लाइन ही कटवा दी।
अब किसी
को भी तब तक बिजली नहीं मिल पाएगी। जब तक बिल जमा नहीं हो जाते। उधर, पहले
कटिया कनेक्शन और फिर बाद में मीटर लगने के बाद भी कनेक्शनधारकों के यहां
बिना रीडिंग के आईडीएफ में हजारों रुपये के बिल आने शुरू हो गए। कालोनी के
तमाम बाशिंदों ने बताया कि किसी का भी बिल 10 हजार रुपये से कम नहीं आया।
बिल को संशोधित कराने को वह लोग लगातार बिजली विभाग कार्यालय के चक्कर
काटते रहे, पर किसी ने भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। जिसके चलते न
तो बिल संशोधित हो सके और न ही बकाया जमा हो सका। लोगों ने कहा कि विभागीय
लापरवाही का खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ रहा है।