कन्नौज। सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष की सड़क हादसे में जान बचाने वाले बहादुर सिपाही दंपती को कानपुर जाेन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ सम्मानित करेंगीं। एसपी विनोद कुमार ने सिपाही दंपती को पुरस्कृत करने की संस्तुति की है। वहीं, कई स्वयंसेवी संगठन भी सिपाही दंपती को सम्मानित करेंगे।
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अमित तेवतिया की पत्नी अर्चना का हाल में ही सौरिख थाने से वन स्टॉप सेंटर कन्नौज के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है। ज्वाइन करने के बाद अर्चना पति के साथ स्कूटी से सौरिख थाने के क्वार्टर में रखा सामान लेने गईं थीं। वापसी में शुक्रवार को तालग्राम क्षेत्र में किमी 171 के पास एक फॉर्च्यूनर पलटी मिली। कार में पांच लोग फंसे थे। सिपाही अमित व अर्चना ने एक पल की देर किए बिना पत्थर से कार का शीशा तोड़ने की कोशिश की पर सफलता नहीं मिली।
कार में फंसीं सुल्तानपुर जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के गनर की इंसास रायफल लेकर अमित ने कार के शीशे तोड़ दिए और सभी काे सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। एसपी ने बताया कि अमित वर्ष 2019 बैच का तो उसकी पत्नी अर्चना वर्ष 2021 बैच की सिपाही है। दोनों को पुरस्कृत करने की संस्तुति की गई है। जल्द ही कानपुर जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ दोनों को सम्मानित करेंगीं।