छिबरामऊ (कन्नौज)। किसान क्रेडिट कार्ड से रुपये निकालने को बैंक की लाइन में लगी महिला की हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह एक दिन पहले भी दिन भर लाइन में लगी थी, लेकिन रुपये नहीं मिले।
क्षेत्र के ग्राम नौगाई निवासी राजेश बाबू दुबे की पत्नी सुमनसिया (45) का खाता आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा मंडी समिति में है। उसने किसान क्रेडिट कार्ड बनवा रखा है। इसकी लिमिट दो लाख 40 हजार है। सुमनसिया गेहूं बुवाई के लिए रुपये निकालने गई थी। सुबह से दोपहर तक लाइन में लगने के बाद उसे हार्ट अटैक पड़ गया। साथ में मौजूद बेटा आशीष उसे लेकर निजी चिकित्सालय पहुंचा। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पति राजेश बाबू ने बताया कि वह बुधवार को 20 हजार रुपये के लिए दिन भर लाइन में लगी रही। काफी बाद काउंटर पर पहुंची तो कैशियर 10-10 के सिक्के देने लगा। उसने सिक्के लेने से इनकार कर दिया था। इस वजह से गुरुवार को भी सुबह ही बैंक पहुंच गई थी। मृतका का एक बेटा अर्पित उर्फ अनुराग बीटेक कर रहा है, जबकि दूसरा बेटा आशीष इंटर का छात्र है।