फोटो-15 आर- अंकित की फाइल फोटो।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा (कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के विधईपुरवा में संदिग्ध हालात में रविवार को गोली लगने से बीज विक्रेता की मौत हो गई। पत्नी ने ससुराल वालों पर तमंचे से गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पिता ने पत्नी से विवाद के कारण अवसाद में होने पर खुदकुशी करने की बात कही है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विधईपुरवा निवासी अंकित (23) गांव में ही बेला मार्ग पर बीज भंडार चलाता था। उसका मकान खेत पर ही बना है। रविवार को दिन में लगभग 10 बजे संदिग्ध हालात में उसे गोली लग गई। अंकित के पिता बनवारी लाल के मुताबिक सीने में गोली लगने से घायल बेटा दौड़ते हुए खेत में उनके पास आया और गिर गया।
गोली लगने का पता चलते ही उसे तिर्वा के एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई। उसे तिर्वा के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। लगभग पांच घंटे तक इलाज के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस गांव आ गए।
करीब 15 दिन पहले औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के सैय्यदपुर स्थित मायके गई पत्नी रश्मि को घटना का पता चला तो वह पिता और भाई के साथ विधईपुरवा पहुंची। रश्मि की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित का शव पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रश्मि ने अंकित के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उधर, अंकित कि पिता बनवारीलाल ने बताया कि कई माह से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के बाद ही रश्मि मायके चली गई थी। इसी अवसाद में होने के कारण अंकित ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
सीओ तिर्वा दीपक दुबे ने बताया कि घटनास्थल से तमंचा बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोटो- 16- मृतक के मकान के बाहर बैठीं गमगीन महिलाएं। संवाद- फोटो : KANNAUJ