तेराजाकेट। तालग्राम विकास खंड की ग्राम पंचायत तेरारब्बू के अमृत सरोवर के निरीक्षण में डीडीओ और बीडीओ को तमाम खामियां मिलीं। पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
रविवार को जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, बीडीओ अखिलेश तिवारी ने ग्राम पंचायत तेरारब्बू में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया था। उनको फ्लैग पोस्टर की पुताई नहीं मिली। साइन बोर्ड मानक के अनुसार नहीं लगा था और महिला मेट ने मस्टररोलो में श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थित दर्ज नहीं की थी। इसके अलावा इनलेट, आउटलेट का कोई प्रावधान नहीं किया गया था।
इसके अलावा अमृत सरोवर की पत्रावली मौके पर नहीं मिली। तालाब की खोदाई अधूरी थी और तकनीकी सहायक उपस्थित नहीं मिले। बीडीओ अखिलेश तिवारी ने पंचायत सचिव युवराज सिंह और तकनीकी सहायक कैलाश बाबू को पत्र लिखकर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा। बीडीओ ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण जनता की विकास विभाग संबंधी शिकायतों को हर माह के प्रथम, तृतीय बुधवार को सुना जाएगा। उस दिन विकास खंड के सभी ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी खंड विकास अधिकारी अखिलेश तिवारी ने दी।