हसेरन। पांच महीने पहले मासूम के हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में स्पष्ट हो गया है कि नशे की हालत में पिता के हाथ से गोली चल गई थी। इससे सूरज की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता के पास से तमंचा बरामद कर लिया। उसे जेल भेज दिया।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि नौ फरवरी 2021 की शाम को भदौरियनपुर्वा निवासी सूरज पुत्र कल्लू उर्फ कमलेश कठेरिया की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक के पिता ने गांव के भोगराज पुत्र बादाम सिंह के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में आरोपी बनाए गए भोगराज के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला।
रविवार रात को पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के पिता कमलेश कठेरिया उर्फ कल्लू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने पुलिस को बताया कि नशे की हालत में उससे ही तमंचे से फायर हो गया था। इससे बेटे की मौत हो गई थी। रंजिश के चलते उसने गांव के भोगराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने आरोपी पिता की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।