गुरसहायगंज। छेड़छाड़ में पकड़े गए सपा नेता को शुक्रवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल भेज दिया गया। वहीं छिबरामऊ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने सराय प्रयाग पहुंचकर घटना की निंदा की। इसे सरकार का उत्पीड़न बताया।
कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए सराय प्रयाग कस्बे के धर्मेंद्र यादव पर विवाहिता ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद गुरुवार को सपाइयों ने कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की थी। देर शाम तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने जांच की बात कह कर सपा नेताओं को शांत कराया था। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद धर्मेंद्र यादव को जेल भेज दिया गया।
धर्मेंद्र यादव को छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किए जाने को लेकर छिबरामऊ के पूर्व सपा विधायक अरविंद सिंह यादव ने कहा है कि सत्ता पक्ष के लोग समाजवादी पार्टी के लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेगुनाहों को झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है। सत्ता पक्ष के इशारे पर पुलिस पार्टी के लोगों का उत्पीड़न कर रही है। पुलिस ने इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।