छिबरामऊ। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएचसी को एल-वन हॉस्पिटल बनाया जाएगा। यहां पचास बेड की व्यवस्था होगी। दस बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगे।
शुक्रवार को जनपद के कोरोना नोडल अधिकारी राजेश कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते जनपद की चार सीएचसी को एल-वन हॉस्पिटल के लिए चिह्नित किया गया है। सीएचसी पर पचास बेड की व्यवस्था की जाएगी। मरीज के साथ तीमारदार के रुकने की भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा 15 ऑक्सीजन सिलिंडर व पांच कंसंट्रेटर मरीजों के लिए मुहैया कराए जाएंगे। इससे पहले नोडल अधिकारी ने सीएचसी भवन का निरीक्षण किया। इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा मौजूद रहे।