सौरिख(कन्नौज)। शृृंगीरामपुर से कांवड़ भरकर बाइक से जा रहे कांवड़ियों की बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। सीएचसी से तिर्वा मेडिकल कालेज ले जाते समय बाइक चलाने वाले कांवड़िया की मौत हो गई।
सकरावा चौकी के ग्राम किरायन निवासी गजेंद्र (28) पुत्र जोर सिंह पाल अपने साथी नगला अंगद निवासी महाराज सिंह (45) पुत्र रामकिशन के साथ बुधवार को बाइक से शृृंगीरामपुर (फर्रुखाबाद) कांवड़ लेकर गए थे। रात में दो बजे के लगभग जल भरकर लौट रहे थे। शरीफाबाद चौकी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों बाइक सवार उछलकर दूर गिरने से घायल हो गए।
बाइक चला रहे गजेंद्र का हेलमेट टूट गया। कांवड़ियों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। तिर्वा जाते समय रास्ते में गजेंद्र की मौत हो गई। गजेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। गजेंद्र खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया।