तालग्राम। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने तहसीलदार की कार में टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार से अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया, जबकि अभद्रता करने वाले ग्रामीण भाग निकलें।
छिबरामऊ तहसीलदार अभिमन्यु कुमार रविवार को कार से मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान का निरीक्षण करने निकले थे। उनके साथ चालक और दो होमगार्ड भी थे। निरीक्षण के बाद लौटते समय शाम करीब चार बजे पलिया गांव के पास छिबरामऊ की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार में टक्कर मार दी। फिलहाल किसी को भी चोट नहीं आई। हादसे के बाद तहसीलदार और सुरक्षा कर्मी होमगार्डों से स्थानीय ग्रामीणों ने अभद्रता शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल, छिबरामऊ कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पहुंच गए। इस दौरान अभद्रता करने वाले ग्रामीण भाग निकले। जबकि, पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी तालग्राम ने बताया कि अभद्रता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।