56 दिन से जिला अस्पताल में भर्ती बच्ची परी को बाल संरक्षण टीम की रूबी पाल को सौपते जिला अस्पताल के स?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में 56 दिन रही परी शुक्रवार को लखनऊ भेज दी गई। अस्पताल में सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बाल संरक्षण टीम की सदस्य को बच्ची सौंपी। इसके बाद उसे विकास भवन लाया गया। यहां प्रोबेशन अधिकारी ने टीम को शिशु गृह लखनऊ के लिए सुपुर्दगी पत्र देकर परी को एंबुलेंस से रवाना किया गया।
छप्पन दिनों से दूध पिलाने समेत बच्ची परी की देखरेख कर रहे जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड के स्टाफ के आंसू उस समय छलके जब बच्ची को सीएमएस डा. शक्ति बसु बाल संरक्षण टीम की सदस्य को सौंप रहे थे। कुछ पल के लिए तो वार्ड में सन्नाटा छा गया। बच्ची को लेकर जैसे ही बाल संरक्षण की टीम वार्ड से बाहर निकली तो अधिकारी से लेकर कर्मचारी अस्पताल गेट पर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचे। यहां बच्ची को लेकर जैसे ही एंबुलेंस चली तो स्टाफ अपने आंसू रोक नहीं सका। सभी की आंखों में बच्ची परी के प्रति प्यार छलक रहा था।
सीएमएस ने बताया कि एसएनसीयू वार्ड के पूरे स्टाफ ने परी की देखरेख में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती है। चिकित्सक भी वार्ड में पहुंचते ही बच्ची के स्वास्थ्य की सबसे पहले जानकारी लेते रहे हैं। परी के जाने का गम एसएनसीयू वार्ड के पूरे स्टाफ को है।