तिर्वा। कस्बे के अवंतीबाई नगर में रहने वाले दो फौजियों के घर समेत तीन घरों में बृहस्पतिवार रात चोरों ने ताले तोड़कर नकदी व करीब बीस लाख के जेवरात चोरी कर लिए। एक ही रात में तीन घरों में चोरी व एक घर में चोरी के प्रयास से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे सीओ ने मामले की पड़ताल की। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
मोहल्ला रानी अवंतीबाई नगर निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रामपाल आरएसएस के जिला संपर्क प्रमुख व शासकीय अधिवक्ता हैं। बृहस्पतिवार को वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव हसेरन के खरगपुर बिलंदपुर गए थे। इसी मोहल्ले की दूसरी गली में रामबरन यादव पुत्र चंद्रशेखर, अनिरुद्ध यादव पुत्र रामबाबू दोनों फौजी हैं। करवाचौथ पर घर में ताला बंद करके अनिरुद्ध की पत्नी भुनियापुर गांव व रामबरन की पत्नी हंसापुर गांव चली गई थीं। मोहल्ले में ही जितेंद्र पाल पुत्र प्रेमचंद भी घर पर नहीं थे। बृहस्पतिवार रात रात चोरों ने इन घरों को अपना निशाना बनाया।
शासकीय अधिवक्ता कौशलेंद्र ने बताया कि चोर उनके घर से करीब 20 हजार रुपये व तीन लाख के जेवर चोरी कर ले गए। रामबरन की पत्नी ने बताया कि उनके घर से 15 हजार रुपये नकद व करीब तीन लाख के जेवर, अनिरुद्ध की पत्नी ने बताया कि घर से चोर करीब 10 लाख के जेवरात ले गए। जितेंद्र ने बताया कि चोरों ने उसके घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। एक साथ हुई तीन घरों में चोरी व एक घर में चोरी के प्रयास से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर सीओ व कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्र ने चोरी की घटना वाले घरों का निरीक्षण किया। सीओ दीपक दुबे ने बताया पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।