छिबरामऊ। मोहल्ला सराफान में नगर पालिका की ओर से तालाब के सुंदरीकरण कराने का काम फिर से शुरू होगा। मोहल्ले के कुछ लोगों ने शहरी विकास मंत्री से शिकायत कर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। जांच पूरी होने के बाद अब तीन माह बाद सुंदरीकरण पर लगी रोक हटा दी गई है।
नगरपालिका परिषद के चेयरमैन राजीव दुबे की ओर से नगर के मोहल्ला सराफान स्थित तालाब के सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया था। शासन ने इस कार्य के लिए 30 लाख रुपये का बजट स्वीकृत होने के बाद सुंदरीकरण का काम शुरू हुआ। तालाब निर्माण में कई व्यवधान आने के बाद ठेकेदार ने कार्य शुरू किया। निर्माण कार्य शुरू होते ही मोहल्ले के बालमुकुंद शाक्य, रविकांत, उमेश, सुभाष आदि ने शहरी विकास मंत्री से शिकायत दर्ज कराई कि नगर पालिका तालाब के स्वरूप से छेड़छाड़ कर सड़क निर्माण कर रही है। शासन द्वारा तालाब के सुंदरीकरण का काम रोक दिया गया। निर्माण कार्य करा रहे कन्हैया गुप्ता ने बताया कि शिकायत की जांच हो चुकी है। अब शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इंटरलॉकिंग सड़कों के साथ तालाब के किनारे बिजली के पोल लगवाए जाएंगे।