गुगरापुर। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह शव लटकता देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
गुरसहायगंज कोतवाली की नौरंगपुर चौकी के गांव नरेंद्रपुर निवासी किसान छविराम यादव (36) पुत्र राधेश्याम बीते कई दिनों से आर्थिक तंगी के चलते परेशान रहता था। इससे उसके घर में कलह भी रहती थी। रविवार रात जब पत्नी रामगुनी बच्चों के साथ सो गई तभी उसने आंगन में लगी टीन के पाइप में पत्नी की साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह शव झूलता देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही नौरंगपुर चौकी प्रभारी अभिनेश कुमार ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छविराम की पत्नी ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते पति ने आत्महत्या कर ली। उसकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पति की मौत से पूरा परिवार सदमे में हैं।