गुरसहायगंज। एक मुश्त समाधान योजना के तहत आयोजित शिविर में दो लोगों ने विभागीय कर्मचारियों से अभद्रता की। सरकारी अभिलेख भी फाड़ दिए। घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर पुलिस को दी गई है।
अनौगी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता भूपेंद्र कुमार कौशल, संविदाकर्मी विजय यादव, देवेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार आदि शनिवार को गांव ज्ञानपुर में शिविर लगाकर कार्य कर रहे थे। यहां एक मुश्त समाधान योजना के लाभार्थियों के बिल जमा किए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के दो लोग वहां आ गए और विजय से गाली गलौज करते हुए अभद्रता की। विजय का मोबाइल तोड़ दिया और अभिलेख फाड़ डाले। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की टीम को सुरक्षित गांव से बाहर निकाला। (संवाद)