छिबरामऊ। सौरिख थाने में दर्ज गैंगस्टर के मामले में एक साल से वांछित चल रहे दस हजार के इनामी अपराधी को पुलिस ने पूर्वी बाईपास से पकड़ लिया। युवक राजस्थान से शराब लेकर बिहार में बिक्री करने का कारोबार करता था।
कोतवाल जयप्रकाश शर्मा व एसआई अजब सिंह ने पूर्वी बाईपास स्थित परिवहन निगम के यात्री सेल्टर के पास से रितिक गुप्ता निवासी पटेल नगर, वाटर बक्स थाना छता जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि रितिक राजस्थान से शराब लेकर बिहार में बिक्री करता था। जनवरी 2021 में भारी मात्रा में शराब के साथ सौरिख थाना पुलिस ने पकड़ा था। फरवरी माह में थानाध्यक्ष विजय बहादुर ने रितिक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी, तभी से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।