रानू मिश्रा के घर से दस्तावेज ले जाते अधिकारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। इत्र और कंपाउंड कारोबारी पीयूष जैन के बेटे को लेकर शुक्रवार को जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय गुजरात (डीजीजीआई) की टीम छिपट्टी मोहल्ला पहुंची। यहां जांच के बाद टीम ने शहर के दूसरे बडे़ कंपाउंड और इत्र कारोबारी रानू मिश्रा के घर छापा मारा। टीम को यहां मौजूद इत्र कारोबारी विनीत गुप्ता से पूछताछ की। देर रात तक पीयूष जैन के घर से चार करोड़ रुपये और एक करोड़ के जेवर मिले।
छिपट्टी मोहल्ले में कंपाउंड कारोबारी पीयूष जैन और उनके भाई अमरीष जैन का संयुक्त आवास है। टीम कानपुर से यहां पीयूष जैन के बेटे प्रियांश जैन और अमरीश जैन के बेटे मोलू को लेकर पहुंची थी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नेम सिंह और जलालपुर निवासी अमित मिश्रा को भी साथ लेकर टीम घर में दाखिल हुई। पूरे घर में तलाशी ली। कुछ अलमारियों की चाबी न मिलने पर टीम ने कटर से ताला काटकर रुपये और कागजात बरामद किए। इस दौरान कुछ सबूत मिलने पर टीम ने होरी मोहल्ले में रहने वाले कंपाउंड और इत्र कारोबारी रानू मिश्रा के घर पर भी छापा मारा। दोनों कारोबारी कई राज्यों और विदेशों में कंपाउंड व इत्र की सप्लाई करते हैं। कारोबारियों के कार्यालय, गोदामों और घरों में छापा मारने से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।