कन्नौज। जालसाज ने निजी नेटवर्क कंपनी में मैनेजर की नौकरी देने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से पांच लाख रुपये ठग लिए। फोन करने पर जालसाज ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर पनवारा निवासी विपिन कुशवाहा ने गुरुवार को अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि 12 जुलाई को निजी नेटवर्क कंपनी का अधिकारी बनकर एक व्यक्ति ने फोन किया। उसे कंपनी में मैनेजर की पोस्ट दिलाकर प्रतिमाह डेढ़ लाख वेतन दिलाने का लालच दिया। धीरे-धीरे उस व्यक्ति ने खाते में उससे पांच लाख रुपये डलवा लिए।
मंगलवार को जब उसने फोन किया तो युवक ने गाली-गलौज किया। इससे उसे ठगी की जानकारी हुई। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है। जल्द जालसाज को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।