धनतेरस पर्व का शहर में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, वाहन मार्केट में जमकर खरीददारी हुई। दुकानों, शोरूमों पर देर रात तक ग्राहकी रही। उम्मीद से ज्यादा बिक्री होने से व्यापारी खुश नजर आए। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, आभूषणों के अलावा बर्तन भी खरीदे। गिफ्ट और मिठाइयों की भी अच्छी बिक्री हुई।
धनतेरस पर लोगों की बर्तनों को खरीदने के लिए खूब भीड़ उमड़ी। स्टील के बर्तनों की बिक्री लगभग 75 फीसदी हुई। लोगों ने तांबा और पीतल के बर्तनों के अलावा फिल्टर, जग, लोटा और कलश आदि खरीदा। दुकानदारों की मानें तो पिछले साल की अपेक्षा इस साल स्टील, पीतल, तांबा के दामों में गिरावट रही। इस वजह से मार्के ट में खरीदारों ने भी उत्साह दिखाया। सराफा व्यापारियों की मानें तो नए चांदी के सिक्कों की जगह इस बार पुराने समय के सिक्कों की खूब खरीददारी हुई । ग्राहकों ने सन 1850, 1860, 1870 के पुराने सिक्कों की खूब मांग की। इसके साथ ही लोगों ने चांदी का डालर भी खरीदा। चांदी के 20, 50 और 100 के नोट भी बिके।