कन्नौज। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अपराधियों का पांच साल पुराना रिकार्ड खंगाल रही है। पुलिस को वर्ष 2014 से अब तक के ऐसे अपराधियों की तलाश है जो गैर राज्यों में जाकर अपराध करते हैं।
जनपद में बढ़ रहे अपराधों को कंट्रोल करने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस महकमे ने ब्लू प्रिंट तैयार किया है। इसके तहत पिछले पांच सालों से गैर राज्यों और जनपदों में अपराध करने वाले अपराधियों का इतिहास खंगाला जाएगा। इसके बाद जिले में इनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। पुलिस महकमे ने अब तक 240 अपराधियों का इतिहास खंगाल कर ब्लू प्रिंट तैयार किया है। इनकी मूल थाने पर हिस्ट्री खोलकर निगरानी की जाएगी। वांछित अपराधी की गिरफ्तारी की जाएगी। अगर कोई अपराध छोड़ चुका है तो उसे राहत मिलेगी।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर पांच साल तक के अपराधियों का इतिहास खंगालने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है।