गोशाला का निरीक्षण करते एसडीएम।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। महाराजगंज में गोशालाओं में बरती जा रही लापरवाही पर शासन के बड़ी कार्रवाई के बाद अफसरों में हड़कंप है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने क्षेत्र की आधा दर्जन गोशालाओं का निरीक्षण किया। विशुनगढ़ व अंतपुर गोशाला में गंदगी देख वह भड़क गए। सचिव को फटकार लगा दी।
बुधवार को एसडीएम गौरव शुक्ला ने हमीरपुर, लड़ैता, पंथरा, विशुनगढ़, अंतपुर व रंधीरपुर की गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशालाओं के अभिलेख चेक किए। चारे व पानी की व्यवस्था देखी। हमीरपुर व लड़ैता में एक-एक मवेशी बीमार मिला। इनका उपचार किया जा रहा था। उन्होंने विशुनगढ़ व अंतपुर की गोशाला में फैली गंदगी को हटवाने के सचिव को निर्देश दिए। पंथरा व अंतपुर में मवेशियों के लिए लगाई गई बाड़ को कमजोर पाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बाड़ कमजोर होने से मवेशी बाहर निकल जाते हैं। एसडीएम ने बाड़ को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि गोबर बेचकर इससे मिलने वाली धनराशि को गोवंश आश्रय के खाते में जमा करें। साफ-सफाई पर अधिक ध्यान दें। एसडीएम ने बताया कि गोशालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी जाती रहेंगी।