छिबरामऊ। जिला पंचायत अध्यक्ष व उनके प्रतिनिधि पति को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की दी है।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमकार शाक्य ने बताया कि ग्राम असालत नगर निवासी गौरव शाक्य, मोहल्ला भैनपुरा निवासी सचिन शाक्य, ऋषभ शाक्य व सनी शाक्य ने अपनी फेसबुक पर अभद्र व आपत्तिजनक पोस्ट डालकर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य की छवि को धूमिल है। ऋषभ ने 13 मार्च 2025 को मोबाइल से उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट वायरल कर अपमानित किया गया। आरोपी जान से मारने की फिराक में हैं। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, मामले में सचिन शाक्य ने बताया कि राजनीतिक रंजिश के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई टिप्पणी नहीं की है।