गुरसहायगंज। मझपुर्वा स्थित पायका खेल मैदान में चल रहे दंगल में जम्मू के पहलवान जावेद गनी ने राजस्थान के पहलवान बादशाह को पटकनी देकर जीत दर्ज की।
इसके अलावा राजस्थान के लाला पहलवान को जम्मू के बमबम पहलवान ने मात दी। वहीं, एटा के चंचल व संभल के बछरा पहलवान के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी। अयोध्या के बाबा लक्ष्मनदास और संभल के बछरा के बीच भी मुकाबला अनिर्णीत रहा। अयोध्या के अजीत बाबा ने राजस्थान के शाका पहलवान को हराकर जीत दर्ज कराई। झींझक के ओमवीर और अकबरपुर के भूरा पहलवान की कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। राजस्थान के चिमचिम डोंगरा को जम्मू के राकेश पहलवान ने पटखनी देकर विजयी बढ़त हासिल की।
वहीं, अयोध्या के काशीनाथ ने उत्तराखंड के लाला पहलवान को हराते हुए शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बाबा बजरंगी दास, हाथरस के शीलू पहलवान, अलीगढ़ के राजेश पहलवान तथा रेफरी जलालाबाद के सादिक पहलवान विशेष रूप से उपस्थित रहे। दंगल आयोजन पर दर्शकों में भरपूर उत्साह देखने को मिला।