सौरिख(कन्नौज)। पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में गाली गलौज के बाद पथराव हो गया। दोनों पक्ष से सात लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं एक पक्ष ने मेडिकल परीक्षण न होने का आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम नगला पसा में पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर गांव के अजय पुत्र किशोरी लाल व दूसरे पक्ष से रक्षपाल पुत्र रामबख्श में बुधवार रात 11:30 बजे गाली गलौज होने लगा। कुछ ही देर में दोनों पक्षों से कई लोग इकट्ठे हो गए। इनमें मारपीट के साथ ईंट पत्थर चलने लगे। इससे गांव में भगदड़ मच गई। लोग घरों में दुबक गए। मारपीट में एक पक्ष से अजय, बसंत सिंह पुत्र किशोरी लाल, अरुण पुत्र नरेंद्र, अमरावती पत्नी बसंत व दूसरे पक्ष से रक्षपाल पुत्र रामबख्श, शिव प्रताप पुत्र रामसेवक, जितेंद्र पुत्र रामआसरे, पवन पुत्र रक्षपाल, निशा पत्नी रक्षपाल घायल हो गईं। देर रात दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों पक्षों से घायल लोगों को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया।
रक्षपाल पुत्र रामबख्श का आरोप है कि उनके पक्ष के लोगों का चिकित्सीय परीक्षण करने के बजाय अस्पताल से भगा दिया गया। घायलों ने एसपी के पास पहुंचकर मेडिकल कराए जाने की मांग की। इस संबंध में मेडिकल परीक्षण करने वाले डॉ. सहदेव ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग रेफर करने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद भी दूसरे पक्ष से रक्षपाल, जितेंद्र व पवन का मेडिकल परीक्षण किया गया था।