सांसद सुब्रत पाठक का घेराव कर जलभराव की समस्या बताते तिर्वा रोड सरायमीरा के दुकानदार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। तिर्वा रोड सरायमीरा में जलभराव की समस्या का समाधान न होने पर शुक्रवार को स्थानीय दुकानदारों व यहां के निवासियों ने सांसद सुब्रत पाठक को घेर लिया। सांसद ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने एसडीएम सदर से बात कर हल निकालने के लिए कहा।
तिर्वा रोड सरायमीरा में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। नाला चोक होने से पानी की निकासी बंद हो जाती है। इससे कई हफ्तों से पानी सड़क पर बह रहा है। अमर उजाला ने कई बार दुकानदारों की इस समस्या को उठाया है। डीएम के आदेश पर डीपीआरओ ने कुछ सफाईकर्मी लगाए थे। यह अगले ही दिन चलते बने। इससे समस्या जस की तस है। दुकानों पर ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। शुक्रवार को किसान मेले से लौट रहे सांसद को लोगों ने समस्या का समाधान कराने की मांग करते हुए घेर लिया। लोगों को खड़ा देख सांसद वाहन से उतर आए। समस्या का जायजा लिया।
दुकानदारों ने बताया कि यह समस्या तीन माह से बनी हुई है। नाले को खुलवा कर पानी की निकासी कराई जाए। सांसद नेे एसडीएम सदर से बात की। लोगों को आश्वस्त किया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर अनुज सक्सेना, श्याम मोहन दुबे, कुलदीप राज गुप्ता, बृजेश कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।