विकास खंड जलालाबाद की ग्राम सभा फरिकापुर के मजरा
जगतपुर के लोग गलियों एवं नालियों की सफाई खुद ही करने के लिए मजबूर हैं।
एक तरफ जहां ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है,
लेकिन जगतपुर के लोगों को इसका कोई फायदा नहीं हुआ, क्योंकि यहां सफाईकर्मी
कभी आता ही नहीं है।
गुरुवार को ग्रामीण अफसरों को कोसते हुए खुद ही
सफाई कार्य करने के लिए आगे आए। जगतपुर के आमोद कुमार का कहना है कि जब
नियुक्तियां हुई थीं, तब एक दो बार सफाई कर्मचारी आया था। इसके बाद वर्षों
बीत गए पर सफाई कार्य करने कोई नहीं आया। राममिलन कटियार ने बताया कि विगत
30 जून को जिलाधिकारी को भी एक प्रार्थनापत्र दिया था।
उसके बावजूद समस्या
का समाधान नहीं हुआ। अवधेश पटेल ने बताया कि तहसील दिवस में भी
प्रार्थनापत्र देकर संबंधित अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग
की गई, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमकुमार, रामबाबू पटेल का कहना है कि
सफाई कर्मचारी का न आना जिला पंचायत राज विभाग के अफसरों की लापरवाही का
नमूना है।
पूरे गांव की गलियों में कूड़ा कचरा फैला है। नालियां गंदगी से
बजबजा रही हैं। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर बीमारी को दावत दे रहे हैं।
गुरुवार को दर्जनों ग्रामीणों ने खुद ही फावड़ा उठाया और नालियों में जमा
सिल्ट व कूड़े को निकालकर बाहर किया। शिवम कटियार ने बताया कि एक बार फिर
डीएम से जांच कराकर गांव में सफाई कर्मचारी को भिजवाने की मांग की गई है।