कन्नौज। एक दिन की अच्छी बारिश के बाद लोगों को लग रहा था कि अब मानसून ने दस्तक दे दी है और उमस भरी गर्मी से राहत मिल जाएगी। मानसून की रफ्तार फिर धीमी पड़ गई है। शुक्रवार को चटख धूप ने लोगाें को बेहाल कर रखा है।
सुबह हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम खुशगवार हुआ और लोगों में राहत की उम्मीद जगी लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिल आई। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ गई और पूरे दिन उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। चिपचिपी गर्मी के कारण घरों से लेकर बाजारों तक लोग पसीने से तरबतर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उमस भरे मौसम का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग बार-बार पसीना पोंछते नजर आए। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रही। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को हुई। बिजली कटौती वाले क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि धान समेत फसलों के लिए लगातार बारिश की आवश्यकता है। एक-दो दिन की बारिश से खेतों में नमी तो बढ़ी है, लेकिन बेहतर फसल उत्पादन के लिए नियमित वर्षा जरूरी है। किसान भी आसमान की ओर टकटकी लगाए मानसून के सक्रिय होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। फिलहाल जिले में भारी बारिश के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से अभी राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।