कन्नौज। कानपुर मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने तालग्राम और जलालाबाद स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीज उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर का जायजा लिया।
उन्होंने केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद कर कृषि योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। किसानों ने बीज की गुणवत्ता और समय पर उपलब्धता को लेकर संतोष जताया।निरीक्षण में सामने आया कि सरसों-राई मिनीकिट योजना के तहत लक्ष्य से अधिक प्रगति हुई है। जिले में 6,250 मिनीकिट के लक्ष्य के सापेक्ष 5,102 यानी 82 प्रतिशत बुकिंग पूरी हो चुकी है। वहीं गेहूं बीज की भी अच्छी मांग है। 12,222 क्विंटल के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 4,800 क्विंटल गेहूं बीज की बुकिंग हो चुकी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों की बुकिंग सुनिश्चित की जाए और समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाए। किसी भी पात्र किसान को बीज से वंचित न होना पड़े। उन्होंने अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र तिवारी को प्रतिदिन बुकिंग और वितरण की समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि सभी ब्लाकों में बीज वितरण की समीक्षा की जा रही है और रबी सीजन को देखते हुए भंडारों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है।