कन्नौज। प्रेम विवाह के चार माह बाद हुई लक्ष्मी की मौत का कारण आंत में सुराख होना पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आंत में सुराख होने के बाद पेट में संक्रमण फैल गया था। इससे लक्ष्मी ने शनिवार को दम तोड़ दिया था।
इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के गांव मढ़पुरा निवासी अमित कुमार पुत्र कप्तान सिंह का पड़ोसी गांव हरचंदापुर में रहने वाले राजू की 30 वर्षीय बेटी लक्ष्मी से प्रेम-प्रसंग चलता था। 20 सितंबर को अमित और लक्ष्मी परिजनाें को बगैर कुछ बताए दिल्ली चले गए थे, जहां एक अक्तूबर को दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। शनिवार सुबह इटावा में लक्ष्मी की मौत हो गई थी। इसके बाद राजू बेटी का शव लेकर अमित कुमार के गांव पहुंचा था। यहां हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया था। रविवार को हुए पोस्टमार्टम में लक्ष्मी की मौत की वजह उसकी आंत में सुराख होना बताया गया। सुराख की वजह से तेजी से पेट में संक्रमण फैल गया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। चिकित्सकों ने बिसरा भी सुरक्षित किया है। इसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। उप निरीक्षक रामकुमार सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।