छिबरामऊ। नगर के सौ शैया अस्पताल में रविवार की देर रात इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मरीज के तीमारदार ने अभद्रता कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी पुलिस से भी भिड़ गया। बाद में पुलिस की सख्ती देख आरोपी वहां से खिसक गया।
नगर के सौ शैया अस्पताल में रविवार की देर रात डाॅ. कुलदीप सिंह इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे थे। देर रात नगर का ही युवक अपनी बीमार माता को लेकर पहुंचा और उनको इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करा दिया। उनके साथ लोगों की भीड़ थी। डॉक्टर ने वार्ड में भीड़ देख लोगों को वहां से हटने को कहा तो एक युवक भड़क गया और एक डॉक्टर के साथ गालीगलौज की। जिससे वहां पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मी सहम गए। मामले की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस से भिड़ गया। पुलिस को देख आरोपी वहां से भाग निकला। डाॅ. कुलदीप सिंह ने बताया कि वह पुलिस को मामले की तहरीर देंगे। इस संबंध में कोतवाल अजय पाठक ने बताया कि युवक अपनी मां को लेकर अस्पताल गया था, डॉक्टर दूसरे मरीज में बिजी थे। जिसको लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस के पहुंचने पर युवक ने माफी मांग ली, जिसके बाद मामला खत्म हो गया।