तालग्राम विकास खंड की तीन ग्राम पंचायतों में बीते वर्षों में कराए गए विकास कार्यों में घपलेबाजी उजागर हुई है। इस पर पूर्व प्रधानों व सचिवों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। इनसे गबन की गई धनराशि की रिकवरी होगी।
डीएम के अनुसार ग्राम पंचायत भुड़हा में मिट्टी भराई कार्य में 723, ठिलिया मरम्मत में 5000 रुपये, रायपुर में खड़ंजा निर्माण, नाली निर्माण कार्य में 40806 रुपये और तमियामऊ में प्राइमरी स्कूल में मिट्टी भराई व नाली खड़ंजा निर्माण में 78431 रुपये का वित्तीय अनियमितता की गई है।
जिला विकास अधिकारी के आदेश पर इन ग्राम पंचायतों में धांधली की शिकायतों पर खंड विकास अधिकारी को भेजकर जांच कराई गई। सहायक विकास अधिकारी पंचायत व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई व बीडीओ ने मिलकर संयुक्त रूप से पड़ताल की तो घपलेबाजी सामने आ गई।
कारण बताओ नोटिस में लिखा गया है कि जांच टीम ने गबन के लिए तत्कालीन सचिव बीके दिन (अब सेवानिवृत्त) और प्रधानों को दोषी माना है। इस पर भु़ड़हा के पूर्व प्रधान इंद्रपाल सिंह, रायपुर की पूर्व प्रधान प्रेमा देवी और तमियामऊ की पूर्व प्रधान नरगिस को नोटिस भेजा गया है। चेतावनी दी गई है कि धनराशि जमा न करने पर रिकवरी व कानूनी कार्रवाई भी होगी।