शहर में 55 करोड़ रुपये की लागत से पड़ने वाली अंडरग्राउंड विद्युत केबिल को शीघ्र डलवाने के लिए सपाई अधिशासी अभियंता विद्युत से मिले। उन्होंने जल्द केबिल का काम शुरू कराने की मांग रखी है।
शनिवार को सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष नाजिम खां, अब्दुल मोईद, रेहान सिद्दीकी, पूर्व छात्रसंघ महामंत्री सुनील यादव बिजली दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत पी. राम से मुलाकात की। सपाइयों का कहना था कि अंडरग्राउंड केबिल के लिए कई महीने पहले बजट स्वीकृत हो चुका है।
इसके बावजूद केबिल डालने का काम नहीं शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि यदि एलटी और एचटी लाइन अंडरग्राउंड पड़ जाएंगी तो जनता को बेहतर बिजली मिल सकेगी। यही नहीं सुरक्षा की दृष्टि से भी उपभोक्ताओं के लिए सहूलियत होगी। आंधी, पानी आने पर भी बिजली कटौती नहीं होगी। विभागीय कर्मचारियों को भी आए दिन होने वाले फाल्टों को ठीक करने में आसानी होगी।
सपाइयों ने बिजली अधिकारी से पूछा कि वह अंडरग्राउंड केबिल डालने का काम कब शुरू कराएंगे, इसका निर्धारित समय बताएं। एक्सईएन ने बताया कि जनवरी महीने में अंडरग्राउंड केबिल डालने का काम शुरू होगा। इसके बाद काम रुकेगा नहीं। पूरे शहर में 48 किमी अंडरग्राउंड केबिल डालकर ही काम समाप्त होगा। इस व्यवस्था से बिजली चोरी पर पूरी तरह से अंकुश लग जाएगा। दरवाजे के बाहर मीटर लगेगा। कोई भी उपभोक्ता बाईपास कर बिजली चोरी नहीं कर सकेगा। इससे सरकार को भी लाभ मिलेगा।