जलालपुर पनवारा (कन्नौज)। जसपुरापुर फीडर से जुड़े चार गांवों के किसानों को निर्बाध बिजली मिलने लगे, इससे उन्होंने ट्यूबवेल से खेतों में पानी भरकर धान की रोपाई शुरू कर दी।
किसानों की समस्या को अमर उजाला ने आठ जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर अधिकारी हरकत में आए और जसपुरापुर फीडर से जुड़े चार गांवों को निर्बाध बिजली देने के आदेश दिए। किसान अशोक कुमार ने बताया कि पहले पर्याप्त बिजली न मिलने से पूरे दिन में 2 बीघा खेत पानी से नहीं भर पाते थे। इससे धान पौध खराब हो गई थी।
अब बिना भरपूर बिजली मिल रही है। प्रतिदिन एक एकड़ में धान रोपाई हो रही है। जगतपुर के किसान संतोष कटियार ने बताया कि दो एकड़ धान लगाई जा चुकी है। अब बिजली बिना ट्रिपिंग मिल रही है। जेई रमेश मौर्य ने बताया कि बरसात के मौसम से भी सप्लाई में कुछ समस्या आ रही थी, 132 केवी उपकेंद्र मकरंदनगर में भी कुछ तकनीकी दिक्कत थी। अब किसानों को नलकूपों के लिए निर्बाध सप्लाई दी जाएगी।