तिर्वा। वन विभाग की जमीन पर दबंग के अवैध कब्जे पर बीट प्रभारी को कार्य करना मंहगा पड़ गया। अवैध कब्जेदार ने गालीगलौज करते हुए बीट प्रभारी के साथ अभद्रता करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के रौंसा वन क्षेत्र के बीट प्रभारी गीतेंद्र तिवारी ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि 24 मई की शाम को रौंसा वन क्षेत्र की सरकारी भूमि पर वृक्षारोपण के लिए ट्रैक्टर से गड्ढे की खुदाई का काम करवा रहा था। उसी दौरान रौंसा निवासी शिवकुमार आया और जमीन पर कब्जा बताते हुए गालीगलौज करते हुए काम को बंद करवा दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गालीगलौज करते हुए अभद्रता करने के साथ-साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच वर्दी भी फाड़ दी। मौके पर मौजूद सेक्शन अधिकारी अशोक कुमार बीचबचाव करने आए तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित ने जब कार्रवाई करने की बात कही तो आरोपी छूटे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगा। शुक्रवार को बीट प्रभारी गीतेन्द्र तिवारी ने आरोपी शिवकुमार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष किशन पाल ने बताया कि मामले की जांचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।