तिर्वा। नशे में पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन दो दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होता देख पीड़िता मायके चली गई।
ठठिया थाना क्षेत्र की मदनापुर गांव निवासी पूजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पति रोजाना मारपीट कर प्रताड़ित करते रहते हैं। चार दिन पहले शाम को पति शराब के नशे में घर आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। मारपीट की शिकायत जब सास-ससुर से की तो पति आग बबूला हो गए और दोबारा मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि दोबारा घर आई तो पेट्रोल डालकर आग लगा देंगे। पीड़िता रात में मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। कहा कि दो दिन पहले घटना को लेकर तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। थाना प्रभारी अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।