तालग्राम बिजली उप केंद्र से भोजापुर फीडर को जाने वाली एचटी तीन दिन पहले टूट गई थी। इससे आधा दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हैं। वहीं नलकूप बंद होने से किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। किसानों की शिकायत के बाद भी मरम्मत के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी नहीं पहुंचे।
किसान आशुतोष, राजाराम, राजनरायन, पंकज यादव, हरीराम, रामस्वरूप, गिरीश चंद्र, महेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, दशरथ, रघुनाथ, रिंकू पाल आदि ने बताया कि तीन दिन पहले चौखटा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे में लगे एक डंफर ने खंभे में टक्कर मार दी। इससे कई खंभे झुक गए। तार भी टूटकर गिर पड़े। तब से मुसाफिरपुर, गधइया ऊसर, हिम्मतनगला, तलइया, बमरौली, खजुरियन नगला समेत आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है।
इस बिजली लाइन से करीब 30 नलकूप जुड़े हैं। इस कारण हजारों बीघा कृषि क्षेत्रफल में खड़ी मक्का, उर्द, मूंग, खरबूजा, पिपरमेंट, तरबूज, खीरा, भिंडी, लौकी, ककड़ी आदि की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इस वजह से फसलें सूखने लगी हैं। किसानों का कहना है कि तार टूटने के बाद तत्काल सूचना बिजली उप केंद्र पर दी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर यदि लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल न कराई गई तो प्रदर्शन किया जाएगा।
कई जगह तार तोड़ चुके हैं डंफर-जेई
तालग्राम उप केंद्र के अवर अभियंता उपेंद्र राज का कहना है कि हाइवे पर काम करने वाले वाहन मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। इस कारण आए दिन खंभों व तारों के टूटने की घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले बरगांवा, मझइया ,रनवां गांव के पास डंफर की टक्कर से बिजली के पोल व तार क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। जेई का कहना है कि ठेकेदार से मिलकर भोजापुर फीडर की लाइन रविवार तक ठीक करा देंगे।
तेरामल्लू में 15 दिन से बिजली आपूर्ति ठप
सदर ब्लाक क्षेत्र के तेरामल्लू गांव में एक पखवारे से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे परेशान किसानों ने शनिवार को बिजली विभाग और क्षेत्रीय नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। बिजली आपूर्ति जल्द बहाल न होने पर रोड जाम व प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। तेरामल्लू निवासी कृष्ण कुमार कटियार, कुलदीप कटियार, आदित्य कटियार, नितिन कटियार, सरस कटियार, शिवशंकर, राजकिशोर, रामकिशोर, मुकेश ने बताया कि ठठिया फीडर से उनके गांव में बिजली आती है।
बीते पंद्रह दिन पहले फाल्ट के कारण बिजली गुल हो गई। कटौती के कारण ट्यूबवेल ठप पड़े हैं। इससे फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। अधिशासी अभियंता कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई पर समस्या का समाधान नहीं कराया गया।