जलालाबाद। सीएचसी जलालाबाद की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। चिकित्सा कर्मियों की गैर मौजूदगी में चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने प्रसूता का प्रसव करा दिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने हंगामा किया।
पकरा गांव निवासी शैलेंद्र सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी को शनिवार की सुबह आठ बजे प्रसव पीड़ा होने लगी। शैलेंद्र के बड़े भाई मनीष चौहान परिजनों के साथ लक्ष्मी देवी को सीएचसी जलालाबाद ले गए। अस्पताल में चिकित्सक और एएनएम मौजूद नहीं थी। इस दौरान महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने सुरक्षित प्रसव करने के लिए हामी भर दी। इसके बाद वार्ड में ले जाकर लक्ष्मी देवी का प्रसव करा दिया। प्रसव के बाद लक्ष्मी की हालत बिगड़ने लगी। इससे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश चौधरी को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने बताया कि बगैर पंजीकरण के महिला ने प्रसव करा दिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने तत्काल लक्ष्मी देवी का उपचार शुरू किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि प्रकरण गंभीर है। मामले की जांच कर गैर हाजिर एएनएम और महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।