नगला समाधान में दोपहर 12 बजे के करीब नगला डढुअन निवासी कढ़ोरीलाल व श्रीकृष्ण के खेत के ऊपर से निकला हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। इससे लगी आग से खेत पर खड़ी नौ बीघा गेहूं की फसल जल गई। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद मुआवजे की मांग को लेकर नादेमऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित ने मुआवजा दिलाने का अश्वासन देकर जाम खुलवाया।
नगला डढुअन निवासी कढ़ोरीलाल का आठ बीघा व श्रीकृष्ण का एक बीघा खेत नगला समाधान में है। दोनों के खेतों से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। बताते है कि यह लाइन बहुत ही जर्जर है। जिसको लेकर कई बार ग्रामीण विद्युत विभाग से शिकायत कर चुके हैं, मगर कुछ नहीं हुआ। बुधवार दोपहर हाईटेंशन का जर्जर तार खेतों पर खड़ी गेहूं की फसल पर टूट कर गिर पड़ा। इससे फसल ने आग पकड़ ली।
देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आसपास के तमाम किसान दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में नौ बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग बुझने के बाद फायरब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नादेमऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रजनेश चौहान ने जाम खुलवाने का प्रयास किया मगर किसान नही मानें। बाद में एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित मौके पर पहुंचे और मुआवजा दिलाने के साथ ही विद्युत विभाग से तार बदलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।