फोटो:01: अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर चस्पा नोटिस। संवाद
- अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर चस्पा किया गया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ। नगर के 100 शैया अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने के नाम पर वसूली के आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को ड्यूटी से हटा दिया गया। इसके अलावा उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कक्ष के बाहर निशुल्क अल्ट्रासाउंड होने का नोटिस चस्पा भी कराया गया है।
100 शैया अस्पताल में शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड कराने के नाम पर स्वास्थ्य कर्मी की ओर से सौ-सौ रुपये की वसूली करने पर भारतीय किसान यूनियन की ओर से हंगामा किया था। इसके बाद शनिवार को सीएमएस ने स्वास्थ्य कर्मी को अल्ट्रासाउंड ड्यूटी से न सिर्फ हटा दिया बल्कि उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
शनिवार को अस्पताल प्रशासन की ओर से अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर निशुल्क अल्ट्रासाउंड होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया। अस्पताल में सात मरीजों ने पहुंचकर अल्ट्रासाउंड भी कराए। इस संबंध में सीएमएस डाॅ. सुनील सिंह ने बताया कि वसूली के आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को अल्ट्रासाउंड ड्यूटी से हटा दिया गया है और उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।