छिबरामऊ। नगर के सौ शैया अस्पताल में पूर्व राज्यमंत्री व विधायक अर्चना पांडेय के निरीक्षण के बाद शुक्रवार को हालात बदले हुए दिखे। सीएमएस ने शुक्रवार की सुबह ही गायब दो चिकित्सकों व दो फार्मासिस्टों की अनुपस्थिति लगा दी। वहीं निरीक्षण के एक दिन बाद पूर्व राज्यमंत्री व विधायक अर्चना पांडेय ने सीएमएस से सात सवालों के जवाब तीन दिन में मांगे हैं।
शुक्रवार को सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. ध्यानेंद्र सचार, फार्मासिस्ट अर्पित कुमार व विवेक कटियार की अनुपस्थिति लगा दी। इसके अलावा डॉ. अभिषेक कटियार व डॉ. अमित सिंह के मेडिकल लीव पर होने का अंकन कर दिया। वहीं पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने गुरुवार को अस्पताल के निरीक्षण के बाद सीएमएस को पत्र भेजकर सात सवालों का स्पष्टीकरण मांगा है। इसमें उपस्थिति पंजिका पर पांच कार्मिकों की ओर से हस्ताक्षर न किए जाने, अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर अभिषेक श्रीवास्तव को वेतन किस मद से दिए जाने की जानकारी, अल्ट्रासाउंड सप्ताह में एक दिन होने, एक्सरा मशीन खराब होने की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा अस्पताल में डेंटल हाईजैनिक राहुल यादव का कार्य, अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे स्टॉफ नर्स को किसके आदेश से हटाए जाने व आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के लंबित वेतन की जानकारी तीन दिन के अंदर मांगी है।